रांची 07 फ़रवरी (हि.स.)। शहर की विधि व्यवस्था की मजबूती के लिए शनिवार को चेंबर भवन में सिटी एसपी पारस राणा, सिटी डीएसपी केवी रमन और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के साथ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक शनिवार को हुई।

बैठक में हाल के दिनों में व्यापारियों को आ रही रंगदारी और धमकी भरे कॉल्स और शहर की विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल बनता है। हालिया घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए उन्होंने पुलिस तंत्र की ओर से किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिला पुलिस की ओर से स्पष्ट संदेश देने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि राज्य में अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को कड़ी सजा मिलेगी।
धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को करें सूचित
उन्होंने पेट्रोलिंग वाहनों की संख्या बढ़ाने, नए थानों के निर्माण, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, खुफिया तंत्र को सुदृढ़ करने और अन्य राज्यों के साथ समन्वय बढ़ाने की बात कही।
वहीं बैठक में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की ओर से कई निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के माध्यम से आ रही धमकियों के उद्भेदन पर भी पुलिस गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से अपील किया कि किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और भयभीत नहीं हों। उन्होंने सडक के किनारे की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे, विशेषकर मोशन सेंसर आधारित कैमरे और अलार्म सिस्टम लगाने की सलाह दी।
अवैध कब्जा गिरोह पर की सख्त कार्रवाई की मांग
पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने पूरे शहर में सक्रिय अवैध कब्जा गिरोह पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि दंड नहीं मिलने से अपराधियों का मनोबल बढ़ता है और पुलिस व समाज के समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इसपर सिटी एसपी ने विचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष अरुण बुधिया, अंचल किंगर, किशोर मंत्री, कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल, विनीता सिंघानिया, पूजा ढाढा, सदस्य प्रमोद सारस्वत, सुबोध जयसवाल, मुकेश पांडेय, अनुराग चावला ने भी अपने सुझाव दिए।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, कार्यकारिणी सदस्य मनीष सराफ, आस्था किरण, अनीश बुधिया, विकास मोदी, उप समिति चेयरमैन साहित्य पवन, निधि झुनझुनवाला, श्रवण कुमार, किशन अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
