बाराबंकी, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर तहसील क्षेत्र के चौकाघाट क्रासिंग पर बन रहे रेलवे पुल पर एनएचएआई ने रोक लगा दिया है। पहले ही वन विभाग की वजह से पुल निर्माण कार्य धीमा था। अब एनएचएआई की वजह से कार्य बंद ही हो गया है।

बाराबंकी बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शनिवार को रोक दिया गया। लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा यह पुल बनाया जा रहा है। निर्माण का ठेका बी. के. जी. कंपनी चंडीगढ़ को दिया गया है। उसने काम शुरू कर फाउंडेशन बना दिया है। वन विभाग की एनओसी के इंतजार में कार्य धीमा था। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अफसरों ने पंहुच कर प्रोजेक्ट मैनेजर से कहा कि एनएचएआई फोर लेन सड़क बनाएगा। उसकी तीस मीटर सीमा में काम न करें। उच्च अधिकारियों से वार्ता कर ही आगे काम बढ़ाएं। इसी के बाद उन्होंने अपनी सीमा में पत्थर गड़वा दिया। मजबूरन कार्यदायी संस्था को काम बंद करना पड़ा।
चौकाघाट चेक पोस्ट के पास बी.के.जी. कंपनी के इंजीनियर नरेंद्र और सुपरवाइजर एस. के. चौधरी को जब सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वहां रखी आवश्यक निर्माण सामग्री को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले की जानकारी संबंधित उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। उसके बाद आगे का निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी
