भुवनेश्वर, 02 अप्रैल (हि.स.)। चौद्वार जेल ब्रेक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट पुलिस की एक विशेष टीम ने फरार कैदी को उत्तराखंड के ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है।

ओडिशा के डीजीपी वाई बी खुरानिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राजा साहनी छिपकर भेष बदलकर रह रहा था। उसे ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा लाया जा रहा है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
साहनी की गिरफ्तारी के साथ ही तीन फरार कैदियों में से अब तक दो पकड़े जा चुके हैं। इससे पहले सह-आरोपी मधुकांत रणा को वृंदावन से गिरफ्तार किया गया था।
गौरतलब है कि कैदी 2025 दशहरा के दिन जेल की ग्रिल काटकर फरार हो गए थे, जिससे जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें अंदरूनी मदद की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। फिलहाल, तीसरे फरार कैदी की तलाश जारी है और मामले में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
