रायपुर, 10 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के सातवें दिन मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने डोंगरगढ़ में सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा भवन निर्माण के लिए आवंटित जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया।

कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार इतनी कमजोर हो गई है कि अपनी ही आबंटित जमीन से अतिक्रमण नहीं हटा पा रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक भवन निर्माण की राशि स्वीकृत होने के बावजूद शाखा को किराए के भवन में चलाया जा रहा है, ताकि किसी निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाया जा सके।पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि निजी व्यक्ति को फायदा पहुचाने के लिए अतिक्रमण नहीं हटवाया जा रहा।जवाब में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने पर चर्चा होने की जानकारी दी।
मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक हर्षिता बघेल ने सवाल किया कि सहकारी बैंक शाखा भवन निर्माण स्थान पर जमीन पर किसका कब्जा है? उस जगह पर शाखा भवन निर्माण का भूमिपूजन हो चुका है, लेकिन निजी व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार बैंक की शाखा किराए पर चला रही है. शाखा निर्माण की राशि स्वीकृत है, इसके बाद भी भवन निर्माण क्यों नहीं हुआ?
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भवन नहीं है, इसलिए किराए से चला रहे है। इस पर हर्षिता बघेल नेकहा कि बैंक किसानों के लिए है। किसानों को सुविधा नहीं मिल रही है। कब तक अतिक्रमण हटेगा? कब तक भवन बनेगा? मंत्री केदार कश्यप ने कहा, जल्द से जल्द बनाएंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पूरक प्रश्न में कहा, कितनी जमीन आबंटित है? कितनी जमीन है? कितनी जमीन पार्किंग के लिए है? मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि 2200 वर्ग जमीन आबंटित है। 3 हजार वर्ग मीटर जमीन की जरूरत पार्किंग के लिए जरूरत है।इस पर भूपेश बघेल ने कहा, आपके पास 19 हजार वर्ग फ़ीट जमीन खाली है। इसका मतलब आप निजी व्यक्ति को फायदा पहुचाने के लिए अतिक्रमण नहीं हटवाया जा रहे हैं।इस पर मंत्री ने दोहराया कि जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
