छतरपुर, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर की विश्वनाथ कालोनी में एक रिटायर्ड शिक्षक के घर से बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर का अवैध भंडारण पाया गया। प्रशासन ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी और पुलिस के साथ छापा मार कार्रवाई कर 25 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए और उन्हें गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, खाड़ी देशों में युद्ध के चलते देशभर में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडरों की किल्लत की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी बीच छतरपुर जिला प्रशासन को सूचना मिली कि विश्वनाथ कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक हरिराम अहिरवार के घर में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर मंगलवार की रात पुलिस और प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई की। एसडीएम, तहसीलदार और कोतवाली पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली, जहां बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर मिले। कुल 25 सिलेंडरों में से 22 खाली थे और तीन भरे हुए पाए गए। प्रशासन ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू गैस सिलेंडरों का इस तरह भंडारण करना नियमों का उल्लंघन है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में गैस एजेंसियों से भी जानकारी जुटाई जाएगी। यदि अवैध भंडारण या कालाबाजारी की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले में सेवानिवृत्त शिक्षक का कहना है कि मऊसहानिया में उनकी गैस एजेंसी है। गाड़ी खराब होने की वजह से सिलेंडर को यहां रखा गया है। मामले में छतरपुर नायाब तहसीलदार शशांक जैन का कहना है कि बरामद सिलेंडरों को जब्त कर गैस एजेंसी को सुपुर्द कर दिया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
