रायपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने 10वीं सेशन-1 का बुधवार शाम परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित प्रदीप्ति नगर, बोरसी की रहने वाली प्रेरणा गोस्वामी ने सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह डीपीएस रिसाली की मेधावी छात्रा हैं।

प्रेरणा का कहना है कि उनकी सफलता के पीछे अनुशासित दिनचर्या, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने सुनियोजित अध्ययन योजना अपनाई और कठिन विषयों को धैर्यपूर्वक समझने पर विशेष ध्यान दिया। प्रेरणा का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। वह नीट परीक्षा के माध्यम से एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश लेना चाहती हैं।प्रेरणा के पिता राजेंद्र गिरी गोस्वामी छत्तीसगढ़ राज्य बिजली वितरण कंपनी में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता डॉ. खेमलता गोस्वामी कवर्धा के शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं।
10वीं बोर्ड 2026 के नतीजों में छत्तीसगढ़ (रायपुर रीजन) का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88.41प्रतिशत रहा है। रायपुर रीजन देशभर के 22 जोन्स में 19वें स्थान पर रहा है।देश भर में कुल 93.70प्रतिशत छात्र सफल रहे हैं।लड़कियों का पास प्रतिशत 94.99 प्रतिशत जबकि लड़कों का 92.69 प्रतिशत रहा है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में सफल सभी छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, वे निराश न हों। जीवन में साहस और निरंतर प्रयास से आगे बढ़ते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी।
परीक्षार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और उमंग ऐप के माध्यम से देख सकते हैं। इस वर्ष लगभग 25 लाख छात्रों ने सीबीएसई 10वीं सेशन-1 की परीक्षा में भाग लिया था, जिनका परिणाम अब घोषित कर दिया गया है।
इस बार सीबीएसई ने 12वीं के परिणाम से पहले 10वीं का रिजल्ट जारी किया है। इसका मुख्य कारण यह है कि बोर्ड इस वर्ष से 10वीं की परीक्षा दो बार आयोजित कर रहा है। 10वीं की सेकंड परीक्षा मई महीने से शुरू होने वाली है।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा
