जगदलपुर, 08 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयाेजित ‘बस्तर पंडुम उत्सव 2026’ के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

अमित शाह के आगमन को देखते हुए यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गये हैं। अमित शाह अपने दौरे के आखिरी दिन यानी 9 फरवरी 2026 को जगदलपुर (बस्तर) जाएंगे। यहां वे ‘बस्तर पंडुम उत्सव’ के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। यह उत्सव बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और वहां लौट रही शांति का प्रतीक माना जा रहा है। ‘बस्तर पंडुम उत्सव’ के समापन समारोह को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है, वहीं गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रविवार काे बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सभी राज्य के डीजीपी, एसीएस होम की संभवत 31 मार्च से पहले यह आखिरी बैठक हो सकती है, जिसमें रणनीतियों पर चर्चा होगी। कल 9 फरवरी 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बस्तर पंडुम में शामिल होंगे। उन्हाेंने कहा कि बस्तर पंडुम, बस्तर के संवर्धन का उत्सव है ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
