रायपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जंगलराज चल रहा है। प्रदेश की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने सेजबहार में एक दिन पहले हुई एक परिवार से लूट की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अपराध सरकार के नियंत्रण से बाहर है। आज हो रहे मतदान को लेकर बैज ने कहा कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बन रही है।

दीपक बैज ने सरकारी स्कूलों की शुरुआत होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक बच्चों को पुस्तक उपलब्ध नहीं करवा पाए, आरटीई में एडमिशन नहीं हो रहा है, कई स्कूलों में शिक्षक नहीं, बच्चियों के लिए टायलेट नहीं है। क्या सरकार शिशु मंदिर बनाना चाहती है? स्कूल में श्लोक पढ़ाने की बजाए इस दिशा में सरकार होमवर्क करे, तो स्कूल बेहतर हो जाएगा।
वहीं आज असम, केरल और पुडुचेरी में हो रहे मतदान को लेकर दीपक बैज ने कहा कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूरी तरह से बदलाव का माहौल बना हुआ है। असम के मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। भ्रष्टाचार छुपाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। जवाब न देकर गिरफ्तारी का डर दिखा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। हिमंत विश्वा सरमा जेल जाएंगे।
महतारी वंदन के लिए केवायसी को अनिवार्य किए जाने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि सरकार के पास पैसा नहीं है। केवायसी के नाम पर सरकार महिलाओं के नाम काटने की साजिश कर रही है।
नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये दिए जाने को लेकर बैज ने कहा कि सरकार ने बस्तर के जनप्रतिनिधियों से वादा किया है। नक्सलमुक्त पंचायतों को एक करोड़ रुपये देने हैं। सरकार कह रही है कि सभी जिले नक्सलमुक्त हो चुके हैं, तो एक करोड़ रुपये देना चाहिए। इसके लिए क्या पीएम मोदी से मुलाकात कर राशि मांगी गई है। कितने पंचायतों को देना है या दे चुके सरकार स्पष्ट करे। इस सरकार का हर वादा जुमला साबित हो रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल
