धमतरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। वीरता, साहस और स्वराज के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर तीन अप्रैल को नगर निगम धमतरी में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने शिवाजी महाराज को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को याद किया।

आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने शिवाजी महाराज के महान व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारतीय इतिहास के अद्वितीय योद्धा थे, जिन्होंने अपने पराक्रम और दूरदर्शिता से स्वराज की स्थापना की। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक शक्तिशाली राजा ही नहीं, बल्कि जनकल्याण के प्रति समर्पित शासक भी थे, जिन्होंने समाज के हर वर्ग के हितों की रक्षा की।
महापौर ने अपने संबोधन में युवाओं से आह्वान किया कि वे शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में भी शिवाजी महाराज की नीतियां, प्रशासनिक कौशल और देशभक्ति की भावना उतनी ही प्रासंगिक है, जितनी उस दौर में थी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शिवाजी महाराज के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण श्रद्धा और गर्व से सराबोर रहा।
इस अवसर पर महेंद्र पंडित, विनय जैन, विजय साहू, राजीव चन्द्राकर, राजीव सिन्हा, नील पटेल, प्रियंका सिन्हा, चंद्रकला पटेल, पार्षद मेघराज ठाकुर, राकेश चंदवानी, नंदू लोधी, आशा लोधी, खिलेश कुंभकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
