सारण, 07 फ़रवरी (हि.स.)। साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊँचाई देने के उद्देश्य से आगामी 10 फरवरी को वसंत पंचमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं कला व संस्कृति विभाग बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस उत्सव में कला के विविध रंग देखने को मिलेंगे।

महोत्सव के अवसर पर 10 फरवरी 2026 को सुबह 11:00 बजे से पेंटिंग प्रतियोगिता-सह-पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर के उत्तरी दहियावां टोला स्थित एस.आर. कम्पलेक्स के आम्रपाली प्रशिक्षण केन्द्र में संपन्न होगा।

जिला कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को एक साझा मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिता के लिए प्रशासन ने विभिन्न समूहों को आमंत्रित किया है जिनमें सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी, जीविका से जुड़ी कलाप्रेमी महिलाएँ और जिले के स्वतंत्र और पेशेवर चित्रकार शामिल है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि जो भी कलाकार इस प्रतियोगिता या प्रदर्शनी में अपनी कला का प्रदर्शन करना चाहते हैं वे अविलंब जिला कला संस्कृति पदाधिकारी के कार्यालय में संपर्क कर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
प्रदर्शनी में चयनित चित्रों को दर्शकों के अवलोकनार्थ प्रदर्शित भी किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। कला के क्षेत्र में कार्य करने वाली अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती के संयोजक राजेश चंद्र मिश्रा का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल वसंत का उत्सव जीवंत होगा, बल्कि विलुप्त होती कलाकृतियों और नए प्रयोगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
