इटानगर, 07 फरवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआई), जोते, का आज छह दिवसीय आवासीय उद्यमिता कौशल विकास कार्यक्रम के पहले बैच का सफलपूर्वक समापन हुआ, इस समारोह में अरुणाचल प्रदेश सरकार के उद्योग निदेशक ग्याबो पार्टिन मुख्य अतिथि रुप में शामिल हुए।

प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, उद्योग निदेशक ने इच्छुक उद्यमियों को अपने कौशल को निरंतर बढ़ाने और उद्यमिता की एक मजबूत संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे राज्य के समग्र विकास में योगदान दे सकें।

उन्होंने ईडीआई जोते के निदेशक की संस्थान के संचालन और पहले प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में नवाचारों और सक्रिय भूमिका की सराहना की और यह भी बताया कि ईडीआई जोते भविष्य में अरुणाचल प्रदेश भर में उद्यमिता और आजीविका सृजन को बढ़ावा देने के लिए इसी तरह की क्षमता-निर्माण पहल जारी रखेगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के इच्छुक उद्यमियों के बीच उद्यमशीलता कौशल को मजबूत करना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना था। जिले के विभिन्न हिस्सों से कुल 30 प्रतिभागियों ने इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम में एनआईटी अरुणाचल प्रदेश, फिल्म और टेलीविजन संस्थान, इटानगर आदि के प्रोफेसरों द्वारा दिए गए विशेषज्ञ व्याख्यान और संवादात्मक सत्र शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी
