मुंबई, 05 मार्च (हि.स.)। मुंबई महानगरपालिका की छह में से तीन प्रभाग समितियों पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। भाजपा के तीनों अध्यक्ष निर्विरोध चयनित हुए हैं। जबकि दो में कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) का एक अध्यक्ष चुना गया है। चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता महापौर रितु तावड़े और उप महापौर संजय घाडी ने पीठासीन अधिकारी के रूप में की।

मुंबई मनपा की छह प्रभाग समितियों का चुनाव गुरुवार को हुआ। ‘ए’, ‘बी’ और ‘ई’ प्रभाग समिति के अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार ज्ञानराज निकम 7 वोटों से निर्वाचित हुए। वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार रोहिदास लोखंडे को 5 वोट मिले। इस प्रभाग समिति अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए महापौर रितू तावडे ने पीठासीन अधिकारी के रूप में कार्यवाही का संचालन किया।

‘आर दक्षिण’ प्रभाग समिति के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा की लीना पटेल देहेरकर का निर्विरोध चयन हुआ। इस चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता उप महापौर संजय घाडी ने पीठासीन अधिकारी के रूप में की। ‘सी’ और ‘डी’ प्रभाग समिति अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा उम्मीदवार आकाश राज पुरोहित का एकमात्र नामांकन पत्र प्राप्त होने से उनका निर्विरोध चयन हुआ। इस चुनाव की कार्यवाही महापौर रितू तावडे ने पीठासीन अधिकारी के रूप में संचालित की। ‘आर मध्य’ और ‘आर उत्तर’ प्रभाग समिति के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के प्रकाश यशवंत दरेकर का निर्विरोध विजयी हुए। इस चुनाव प्रक्रिया की अध्यक्षता उप महापौर संजय घाडी ने पीठासीन अधिकारी के रूप में की।
‘एफ दक्षिण’ और ‘एफ उत्तर’ प्रभाग समिति के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में शिवसेना की उम्मीदवार मानसी मंगेश सातमकर 8 वोट हासिल कर विजयी घोषित हुईं। उनकी प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (यूबीटी) की श्रद्धा श्रीधर जाधव को 7 वोट मिले। इस चुनाव के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सदस्य अनुपस्थित रहे। चुनाव की कार्यवाही महापौर रितू तावडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
‘पी पूर्व’ और ‘पी पश्चिम’ प्रभाग समिति के अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के हैदरअली असलम शेख 10 वोट हासिल कर निर्वाचित हुए। उनके प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रत्याशी अजित बालकृष्ण रावराणे को 8 वोट मिले. इस विभाग में 15 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
