मुंबई, 07 मार्च (हि.स.)। नांदेड़ जिले के सिडको पुलिस स्टेशन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के सचिव जीवन घोगरे पाटिल के विरुद्ध 25 साल की मेडिकल छात्रा के आत्महत्या मामले में शनिवार को अट्रोसिटी के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की छानबीन सिडको पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नांदेड़ शहर स्थित सिडको के एक प्राइवेट हॉस्टल में 25 की छात्रा ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली थी। छात्रा सिडको में राकांपा एपी के सचिव जीवन घोगरे पाटिल के प्राइवेट हॉस्टल में रह रही थी। अब तक की छानबीन में पता चला है कि उसने पिछले 8 से 10 महीनों से हॉस्टल का किराया नहीं दिया था, जिससे हॉस्टल मालिक और राकांपा नेता पाटिल किराए के लिए उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। यह शिकायत मृतका के पिता मुंजाजी गायकवाड़ ने दर्ज कराई है और मामले की छानबीन की जा रही है। इसके साथ ही प्राइवेट हॉस्टल की भी जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव
