जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। जम्मू स्थित जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्र सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के छात्रों ने प्रशासनिक ब्लॉक चाणक्य भवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन गुरुवार शाम घटी एक घटना के बाद आयोजित किया गया जिसमें कथित रूप से नशे में धुत एक मजदूर ने विश्वविद्यालय की एक छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। इस घटना के बाद खासकर हॉस्टलों में रहने वाली छात्राओं में चिंता और आक्रोश का माहौल देखा गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभाविप सीयू जम्मू इकाई के अध्यक्ष अभिषेक चौधरी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए छात्रों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि कैंपस में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाएगी, खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक किया जाएगा और मजदूरों को कैंपस से बाहर शिफ्ट किया जाएगा। कुलपति ने यह भी बताया कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नजदीकी पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
अभाविप की केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू इकाई की सचिव रूपल सलाथिया ने कहा कि संगठन हमेशा छात्रों के साथ खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए तो अभाविप और छात्र आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करेंगे। प्रदर्शन में संस्कृति सिंह, राफिया चौधरी, शिवांगी, गौरव शर्मा, विशेष सहित कई छात्र मौजूद रहे और उन्होंने सुरक्षित व संरक्षित कैंपस की मांग को जोरदार तरीके से उठाया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
