धनबाद, 07 फ़रवरी (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत भिष्टीपाड़ा, शीतला मंदिर के समीप रहने वाली मंगेश्वर यादव की पुत्री ने पड़ोस में रहने वाले सुरेंद्र यादव के पुत्रों पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने शनिवार को धनबाद थाना में दिए गए आवेदन में बताया कि वह अपने घर के खटाल में सफाई का काम कर रही थी, तभी पड़ोस का युवक उसे अकेला पाकर छेड़खानी करने लगा।

पीड़िता ने बताया कि जब इसका विरोध किया गया तो आरोपित युवक के परिजन और पड़ोसियों ने मिलकर उसके भाई अभिषेक कुमार के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के दौरान अभिषेक कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
इसके बाद पीड़िता और परिजनों ने घायल भाई को लेकर थाना पहुंचकर पूरे मामले की सूचना दी और लिखित आवेदन सौंपा। पुलिस ने घायल अभिषेक कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
पीड़िता ने इस पूरे मामले को लेकर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि यह आपसी मारपीट का मामला है। एक पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
