
खूंटी, 02 मार्च (हि.स.)।

आम तौर पर जंगली हाथी का आतंक गांव देहात और खेत खलिहानों में ही देखने सुनने को मिलता रहा है, पर अब हाथी की इंट्री शहरों में हो गई। एक जंगली हाथी सोमवार को खूंटी शहरी क्षेत्र में घुस गया, पर गनीमत रही कि गजराज ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। लोगों और वन विभाग की ओर से खदेड़े जाने पर हाथी सेरेंग डीह के एक कुंआ में गिर गया। प्रशासन और वन विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास में जुट गई है।

सोमवार को सुबह लगभग पौने दस बजे एक जंगली हाथी को दतिया गांव से खूंटी के नेताजी चौक की ओर आता देख लोगों ने अफरातफरी मच गई। हाथी को देखकर लोग हाथी के पीछे हल्ला मचाते हुए दौड़ने लगे। इस स्थिति में हाथी नेताजी चौक के समीप महात्मा गांधी धर्मशाला परिसर में घुस गया। इसके बाद धर्मशाला के बगल में स्थित अधिवक्ता प्रदीप गौंझू के आवास परिसर से होता हुआ नगर भवन परिसर में जा घुसा। शहर में जंगली हाथी के प्रवेश करने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को हाथी से दूर रहने की अपील करने लगे। थोड़ी देर बाद नगर भवन परिसर से हाथी बाहर निकला फिर उसे सुरक्षित मारंगहादा की ओर जंगली क्षेत्र में खदेड़ने लगी। उसी दौरान हाथी कुआं में गिर गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
