अलीपुरद्वार, 2 अप्रैल (हि.स.)। जिले के अलीपुरद्वार एक ब्लॉक अंतर्गत पूर्व काठालबाड़ी ग्राम पंचायत के जोगेंद्रनगर गांव में गुरुवार सुबह जंगली हाथी के हमले में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान शचिबाला देवनाथ (65) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे वह अपने घर के सामने बकरी बांधने गई थी। तभी अचानक एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। घटना में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अक्सर जंगली हाथियों का आतंक देखा जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का वातावरण बना रहता है। वन विभाग और प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी उठने लगी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
