आसनसोल, 21 फ़रवरी (हि. स.)। आसनसोल जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ निखिल चंद दास की अगुवाई में बीते पांच वर्षों के अस्पताल के उपलब्धियों के बारे में जानकारी देने के लिये शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सम्मेलन में जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ निर्झर माजी, डॉ संजीत चटर्जी, डॉ अमित मुखर्जी, डाॅ अमित गुप्ता, सहायक अधीक्षक कोंकंन राय, भाष्कर हाजरा आदि उपस्थित थे।

इस अवसर पर विशेषज्ञों ने अपने अपने अनुभव साझा किये।
आंकोलॉजिस्ट अमित मुखर्जी ने बताया कि कैंसर जैसे गंभीर बीमारियों का इलाज आसनसोल जिला अस्पाताल में संभव है। उन्होंने कैंसर से पीड़ित कुछ मरीजों के केस हिस्ट्री के बारे में बताया। उन्होंने आसनसोल जिला अस्पताल के वर्ष 2021 से 2025 तक कुछ जटिल मामलों के इलाज के बारे में जानकारी दिया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की टीम वर्क ने कई जटिल बीमारियों का सफलतापूर्वक इलाज किया है जो कि शायद मेडिकल कॉलेजों में संभव नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों की सूएबूझ तथा साहस की वजह से कई जटिल से जटिल बीमारियों का इलाज और ऑपरेशन भी जिला अस्पताल में हो रहा है।
इस बारे में जानकारी देते हुए अधीक्षक डॉक्टर निखिल चंद्र दास ने कहा कि जिला अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर के अलावा किडनी, लीवर, हार्ट से संबधित कई जटिल से जटिल बीमारियों का इलाज भी संपन्न हो रहा है जो किसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के बराबर है।
डॉक्टर निखिल दास ने कहा कि पिछले 13 तारीख को रोगी कल्याण समिति की जो बैठक हुई थी उसमें जिला अस्पताल के इन उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताने का निर्णय लिया गया था। ताकि जिला अस्पताल में जिस तरह बेहतरीन चिकित्सा सेवा दी जा रही है, उस बारे में ज्यादा से ज्यादा लोग जान सके और जरूरतमंद लोग सरकारी चिकित्सा सेवा का फायदा उठा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
