रांची, 07 अप्रैल (हि.स.)।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर मंगलवार को जिले के सभी 18 अंचलों में अंचल स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन की पहल से लोगों को सरकारी सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराने में मदद मिली। अंचल पहुंचे कई आवेदनों का ऑन द स्पॉउट निपटारा किया गया। इसके तहत आम जनता की शिकायतों और आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया गया।
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में शामिल अंचलवार आंकड़ों के अनुसार अनगड़ा में 125, चान्हो में 78, खलारी में 22, राहे में 128, सिल्ली में 54, मांडर में 58 और रातु अंचल में सर्वाधिक 178 आवेदनों का निष्पादन किया गया। वहीं अरगोड़ा अंचल में भी पंजी सुधार, प्रमाण-पत्र और पेंशन से जुड़े कुल 37 मामलों का समाधान किया गया। इन आवेदनों में आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, पारिवारिक सदस्यता, पेंशन और ऑनलाइन सुधार जैसे मामले प्रमुख रहे।
जनता दरबार में भूमि सुधार, दाखिल-खारिज, पंजी-II सुधार, प्रमाण-पत्र निर्गमन (जाति, आय, आवासीय) और अन्य प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। विभिन्न अंचलों में सैकड़ों आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने जनता दरबार को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे प्रशासन के प्रति आम लोगों का विश्वास और मजबूत होगा। जनता दरबार में बडी संख्या में दूर दराज से आए ग्रामीण और अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
