पौड़ी गढ़वाल, 16 मार्च (हि.स.)। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में बीरोंखाल के थापला निवासी राजेश सिंह रावत ने गोदिया पाइपलाइन निर्माण कार्य का भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को ठेकेदार और श्रमिकों के बीच शीघ्र बैठक कराकर लंबित भुगतान का समाधान कराने को कहा।
पोखड़ा निवासी पुष्कर जोशी ने कृष्ण मोहन चौक के पास बने सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को तत्काल जल संयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नन
सिमखेत, पौड़ी निवासी सरोजनी देवी ने खेत पर अवैध कब्जे की कोशिश की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को राजस्व टीम को मौके पर भेजकर भूमि का शीघ्र सीमांकन कराने और आवश्यक राहत देने को कहा।
ग्राम कंडारा निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनका आवास विद्युत लाइन से लगभग 85 मीटर दूर है, जिससे बिजली कनेक्शन में दिक्कत हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को एक सप्ताह के भीतर वस्तुस्थिति के अनुसार पोल स्थापित कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर डीएफओ महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, डीडीओ मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, सीईओ अत्रेश सयाना, डीएसओ अरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
