
कोरबा, 12 अप्रैल (हि. स.)। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने आज रविवार काे अपने जन्मदिवस के अवसर पर कोरबा के लघु व्यवसायियों को आनंद बाजार वेंडिंग जोन की सौगात दी। अब तक सड़क किनारे और फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले इन व्यापारियों को स्थायी दुकानें मिल गई हैं, जिससे उन्हें बार-बार हटाए जाने के डर से मुक्ति मिलेगी।

बुधवारी बाजार के सामने स्थित पार्किंग क्षेत्र में बनाए गए इस वेंडिंग जोन का लोकार्पण मंत्री देवांगन ने महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में किया। इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा तैयार किए गए इस वेंडिंग जोन में कुल 53 दुकानों का निर्माण किया गया है। इन दुकानों का आबंटन उन्हीं लघु व्यवसायियों को किया गया है, जो वर्षों से सड़क किनारे छोटे-छोटे व्यवसाय कर अपना जीवनयापन कर रहे थे। इससे जहां एक ओर इन व्यापारियों को स्थायी ठिकाना मिला है, वहीं शहर की यातायात व्यवस्था में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वे स्वयं और उनके पिता भी कभी सड़क किनारे दुकान लगाकर व्यापार करते थे, इसलिए वे ऐसे व्यवसायियों की समस्याओं को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सभी छोटे व्यापारियों को स्थायी स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक उन्हें उनके वर्तमान स्थान से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने इस पहल के लिए महापौर का आभार भी जताया और इसे अपने जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार बताया।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में इसे “दोहरी खुशी का दिन” बताया। उन्होंने कहा कि एक ओर मंत्री देवांगन का जन्मदिन है और दूसरी ओर शहर के छोटे व्यवसायियों को स्थायी ठिकाना मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन में निगम लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है ताकि किसी भी छोटे व्यवसायी को परेशानी न हो।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न जोनों में भी इसी प्रकार के वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक फुटपाथ और सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले लोगों को व्यवस्थित और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने चयनित व्यवसायियों को दुकानों की चाबियां सौंपीं। इस दौरान राजू गुप्ता, विनोद कुमार राठौर, नवोदित जैन, मनीष साहू, चंद्रिका देवांगन, मीना देवी, साहेब दास, राजेश सिंह, दीपू कुमार, जीतन दास, लता अभिषेक और मोहम्मद मुस्तफा सहित कई व्यवसायियों को दुकानें आवंटित की गईं।
दुकान मिलने के बाद व्यवसायियों ने खुशी जाहिर करते हुए मंत्री और महापौर का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्षद, निगम अधिकारी और आम नागरिक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
