सीतापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में सदरपुर थाना क्षेत्र में जन्मदिन कार्यक्रम से बीती रात रविवार काे लौट रहे युवकों पर रास्ते में धारदार हथियार, तमंचे की बट और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दो नामजद समेत चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली बिसवां क्षेत्र के मोहल्ला झज्झर निवासी विनीत कुमार मिश्रा, ललित दीक्षित और गौरव अग्निहोत्री बीती रात करीब 11:15 बजे थाना सदरपुर के ग्राम धामी सरायं से जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में देवियापुर में सामान लेने के लिए वे एक दुकान पर रुके, तभी वहां मौजूद रिंकू रावत ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रिंकू रावत ने अपने साथी सुरेंद्र रावत और चार अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर युवकों पर हमला बोल दिया। इस दाैरान रिंकू रावत ने विनीत कुमार मिश्रा के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बीच-बचाव में ललित दीक्षित के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने विनीत की जेब से करीब 12,500 रुपये निकाल लिए और घटना का वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल फोन तोड़ दिया। जब गौरव अग्निहोत्री ने गाड़ी स्टार्ट कर जान बचाने की कोशिश की तो आरोपिताें ने लाठी-डंडा मारकर शीशे तोड़ दिए। पीड़ितों का आरोप है कि गाड़ी आगे बढ़ते ही हमलावरों ने पीछे से फायरिंग भी की। वे किसी तरह जान बचाकर पीड़ित देवियापुर चौकी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सदरपुर थाना प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि फायरिंग की बात निराधार है। बातचीत में मारपीट की घटना होने की बात संज्ञान में आई है। रिंकू रावत पुत्र प्रेमचंद, सुरेंद्र रावत और चार अज्ञात के खिलाफ़ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपिताें की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
वही इस मारपीट की घटना में एक हिन्दू संगठन से जुड़े लोगों के भी नाम सामने आ रहे हैं पुलिस छानबीन कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
