जबलपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गुरंदी मछली मार्केट में रविवार को अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। इस अग्निकांड में तीन से चार दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे गुरंदी बाजार स्थित एक कबाड़ दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। रविवार होने के कारण बाजार में लोगों की अच्छी-खासी भीड़ थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घने धुएं और उठती लपटों से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5-6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि बाजार क्षेत्र संकरा होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फायर कर्मी राजेश जैन के मुताबिक, आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन तैनात किए गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग को पास के रिहायशी इलाके में फैलने से रोक लिया गया।
गौरतलब है कि मार्च माह में भी इसी बाजार की एक अगरबत्ती दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। शुरुआती जांच में उस समय भी शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का कारण माना गया था। इस बार भी प्रत्यक्षदर्शियों ने बिजली विभाग को तत्काल सूचना देने की बात कही, लेकिन टीम के देरी से पहुंचने के कारण राहत कार्य प्रभावित हुआ।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
