जबलपुर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल तथा इनकी जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने राजस्व, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा शुक्रवार को की गई छापामार कार्रवाई में कई घरेलू गैस सिलेंडरों को जप्त किया गया है।

खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नायब तहसीलदार नीतू बागड़ी एवं आपूर्ति अधिकारी राजधर साकेत की टीम ने छापामार कार्यवाही कर जगदम्बा नगर महाराजपुर स्थित प्रदीप साहू के निवास से 46 गैस सिलेंडरों को जप्त किया है। इनमें 8 भरे हुए एवं 32 खाली सिलेंडर तथा 4 व्यवसायिक सिलेंडर शामिल थे।
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार गैस सिलेंडर की जमाखोरी एवं कालाबाजारी के इस मामले में प्रदीप साहू के विरूद्ध शीघ्र एफआईआर दर्ज कराई जायेगी। घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग तथा जमाखोरी एवं कालाबाजारी को रोकने प्रशासन, पुलिस एवं खाद्य अधिकारियों द्वारा की गई कार्यवाहियों में शुक्रवार को इंदिरा मार्केट में तीन प्रतिष्ठानों से 9 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर जप्त किये गये हैं। इसी प्रकार रांझी क्षेत्र में कार्यपालिक दंडाधिकारी मौसमी केवट के नेतृत्व में की गई कार्यवाही में संस्कार रेस्टोरेंट से 5 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर, हनुमान स्वीट्स से 3, नरेश रेस्टोरेंट से 1 एवं एवी फूडीज से 2 घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों को जप्त किया गया है। सिहोरा में भी घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग रोकने पांच प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा एक सिलेंडर को जप्त किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
