जबलपुर, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोल बाजार स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित तृतीय ‘पुस्तक मेला 2026’ के तीसरे दिन शुक्रवार को भारी भीड़ उमड़ी। शाम को मेले में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा शहर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने शिरकत की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्य प्रदेश, भोपाल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिक और शिक्षाविद उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रत्नेश सोनकर ने जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी के विजन और कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सोनी ने जब इस पुस्तक मेले की परिकल्पना की थी, तब उनका उद्देश्य सभी शैक्षणिक सामग्रियों को एक ही स्थान पर सुलभ कराना था।
सोनकर ने रेखांकित किया कि जब कोई कार्य पवित्र भाव और स्पष्ट विजन के साथ शुरू किया जाता है, तो उसे न केवल समाज बल्कि सरकार भी सहर्ष स्वीकार करती है। यही कारण है कि जबलपुर की इस प्रभावी कार्यपद्धति को अब पूरे मध्य प्रदेश में अपनाया जा रहा है और शासन व प्रशासन इसे निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विशिष्ट अतिथि श्रीनिवास राव के प्रेरणादायी उद्बोधन और उनके मार्गदर्शन की भी प्रशंसा की।
सोनकर ने कहा कि वर्ष 2024 से प्रारंभ हुई यह पहल अभिभावकों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को उचित और कम दामों पर उच्च गुणवत्ता वाली कॉपियां व किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह आयोजन अपनी सफलता के साथ लगातार तीसरे वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। मेले में कॉपियों पर 50% तक की भारी छूट और जरूरतमंद बच्चों के लिए संचालित ‘बुक बैंक’ के प्रति आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
मेले के तीसरे दिन भी स्कूली बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं और ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिला प्रशासन और आयोजक समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि आगामी 5 अप्रैल तक चलने वाले इस ज्ञान के उत्सव में सपरिवार पहुँचकर लाभ उठाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
