जबलपुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गौर-सालीवाड़ा मुख्य मार्ग स्थित रिलायबल पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम सिगरेट पीने से रोकने पर विवाद जमकर विवाद हो गया। मोटरसाइकिल से पहुंचे युवकों ने पेट्रोल पंप कर्मियों को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पत्थरबाजी भी की और मौके से फरार हो गए।

घायल कर्मचारी मुकुंद यादव के अनुसार, बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप पर सिगरेट पीते हुए पहुंचे थे। पेट्रोल पंप पर आग लगने की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों ने उन्हें सिगरेट बुझाने और फेंकने के लिए कहा। इसी बात पर युवक उत्तेजित हो गए और मारपीट करने लगे।
इसके बाद युवकों के अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। जब पंप स्टाफ ने हमलावरों का विरोध किया, तो आरोपियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर हड़कम्प मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही गौर पुलिस चौकी का बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घायल कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
