जबलपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे स्टेशन पर जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 6 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

मंगलवार को जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम नाथूराम बर्मन (28 वर्ष), निवासी ग्राम शीतलपुर, शहपुरा भिटोनी बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से कई महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए। आरोपी इन मोबाइल फोनों के संबंध में कोई बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद सभी फोन जब्त कर लिए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी 20 से 30 हजार रुपए कीमत के मोबाइल फोन को मात्र 1 से 2 हजार रुपए में बेच देता था। वह इन्हें बेचने की फिराक में स्टेशन परिसर में घूम रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, नाथूराम बर्मन थाना का निगरानी बदमाश है और उसके खिलाफ चोरी समेत करीब 18 मामले पहले से दर्ज हैं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अब तक एक दर्जन से अधिक मोबाइल फोन विभिन्न गांवों और रेलवे यात्रियों को बेच चुका है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
