जबलपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी और वर्तमान में फिलीपींस में शिक्षा प्राप्त कर रहे 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र अभिवीर सिंह ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए ’महापौर हेल्पलाइन’ नामक एक विशेष मोबाइल एप्लीकेशन विकसित किया है, जिसे उन्होंने शनिवार को नगर निगम जबलपुर को निःशुल्क भेंट किया।

नगर निगम मुख्यालय में आयोजित एक चर्चा और बैठक के दौरान अभिवीर सिंह ने यह एप महापौर जगत बहादुर सिंह ’अन्नू’ और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार को सौंपा। इस एप का मुख्य उद्देश्य नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है।
नागरिक अपनी समस्याओं को सीधे एप के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे, दर्ज की गई शिकायतों की वर्तमान स्थिति क्या है, इसे नागरिक खुद ट्रैक कर पाएंगे, प्रशासन द्वारा शिकायतों के समाधान के लिए एक समय सीमा तय की जाएगी, जिससे जनता को भटकना नहीं पड़ेगा, अभिवीर ने इस आधुनिक तकनीक के लिए नगर निगम से कोई शुल्क नहीं लिया है, जो उनके शहर के प्रति सेवा भाव को दर्शाता है।
इस एप में नगर निगम की प्रमुख सेवाओं को शामिल किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन, सीवरेज एवं जल निकासी, स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था, सड़क एवं निर्माण कार्य संबंधित शिकायतें, उद्यान एवं पेड़-पौधों का रख-रखाव, जल आपूर्ति एवं पाइप लाइन समस्याएं, सार्वजनिक शौचालय एवं स्वच्छता सेवाएं, राजस्व एवं कर संबंधी शिकायतें एवं अन्य सेवाएं हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
