जबलपुर, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शनिवार को नगर निगम द्वारा आयोजित लोक अदालत ने राजस्व वसूली के मामले में ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्थापित किया है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की ठोस प्लानिंग के परिणामस्वरूप, 12 हजार करदाताओं ने निगम खजाने में रात्रि 09:00 बजे तक 15 करोड़ रुपये की राशि जमा की। संभाग क्रमांक 4 छोटी लाइन फाटक में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने भी लाइन में लगकर अपना टैक्स जमा किया।

निगमायुक्त ने बताया कि यह बड़ी उपलब्धि मुख्यालय सहित सभी संभागीय कार्यालयों में आयोजित लोक अदालत में करदाताओं की सक्रिय भागीदारी से संभव हुई। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने लंबित संपत्ति कर और जलकर एवं अन्य करों का भुगतान किया, जिससे नगर निगम ने राजस्व वसूली का एक नया कीर्तिमान बनाया। नागरिकों के इस सहयोग ने शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाया है।
निगमायुक्त ने बताया कि 12 हजार करदाताओं ने रात्रि 09:00 बजे तक 15 करोड़ रुपये की राशि निगम खजाने में जमा की है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने इस बड़ी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह नगर निगम की टीम भावना और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
