
खूंटी, 06 मार्च (हि.स.)। कर्रा थाना क्षेत्र के टीमड़ा गांव में शुक्रवार रात हथियार बंद दो अज्ञात अपराधियों ने सुकरा महतो (55 )की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने सुकरा के बेटे अर्जुन महतो पर भी हत्या की नीयत से गोली चलाई, पर गोली उसकी बांह में लगी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने से 19 वर्षीय बेटा अर्जुन महतो घायल हो गया ।

मृतक सुकरा महतो के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि परिवार के सभी लोग रात्रि में अपने घर के किराना दुकान पर बैठे हुए थे। तभी दो हथियार बंद अज्ञात अपराधी दुकान पहुंचे और सुकरा महतो के सबसे छोटे बेटे अर्जुन महतो पर गोली चला दी। जिससे वह घायल हो गया और किसी प्रकार भाग गया।
बाद में अपराधियों ने कुर्सी पर बैठे अर्जुन महतो के पिता सुकरा महतो के सीने में गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों के सहयोग से अर्जुन और सुकरा महतो को सीएचसी कर्रा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुकरा महतो को मृत घोषित कर दिया। अर्जुन महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। मृतक सुकरा महतो के बड़े बेटे नारायण महतो ने बताया कि सुकरा महतो का परिवार 2013 से अपने ससुराल टीमड़ा में रह रहा था और सुकरा महतो के ससुर ने अपनी जमीन बेटी दामाद को लिख दिया था। इससे गोतिया से जमीन विवाद का मामला चल रहा था। जमीन विवाद को लेकर बाहरी लोगों को बुलाकर डराने धमकाने कि बात कहीं गयी। बताया गया कि अपराधियों की नीयत पूरे परिवार का मार देने की थी।
घटना के बाद तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, तोरपा इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेंब्रम घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। सुकरा के शव को पुलिस थाना ले गई। शनिवार को सदर अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
