जम्मू, 27 जनवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग ने 21 से 25 जनवरी 2026 तक मैड्रिड में आयोजित पर्यटन के प्रमुख वार्षिक वैश्विक व्यापार मेले फितूर में भाग लिया। जम्मू-क पर्यटन विभाग के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने किया। प्रतिनिधिमंडल में कश्मीर के संयुक्त पर्यटन निदेशक वसीम राजा और जम्मू के संयुक्त पर्यटन निदेशक एजाज कैसर मलिक भी शामिल थे।

इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के टूर ऑपरेटर भी शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्चुअल रियलिटी (वीआर) सुविधा थी जिसे जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग द्वारा पहली बार प्रस्तुत किया गया था। वीआर मोड के माध्यम से मनमोहक दृश्यों के वीडियो देखकर आगंतुक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके अलावा, पेपर मशीन, बाशोली पेंटिंग्स और विकर विलो जैसी जम्मू-कश्मीर की कला और शिल्पकलाओं के प्रदर्शन ने विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया।
कश्मीरी कहवा विदेशी पर्यटकों के बीच एक बड़ा आकर्षण बन गया। कला और शिल्पकलाओं के सुंदर प्रदर्शन के साथ खूबसूरती से डिजाइन किए गए जम्मू-कश्मीर के स्टॉल को आगंतुकों और मंत्रालय तथा दूतावास के अधिकारियों से खूब सराहना मिली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
