श्रीनगर, 26 जनवरी (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सोमवार को विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि संसद में किया गया वादा जल्द ही पूरा होगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्रीनगर के बलिदान स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए चौधरी ने कहा कि देश की जनता को देश के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने संसद में जम्मू-कश्मीर की जनता से राज्य का दर्जा बहाल करने का वादा किया है। सर्वोच्च न्यायालय ने भी इस आश्वासन को दोहराया है। हमें उम्मीद है कि यह वादा जल्द ही पूरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर सबसे कठिन समय में भी भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है। चाहे उग्रवाद हो या युद्ध जम्मू और कश्मीर के लोग हमेशा हमारी सुरक्षा बलों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं।
जब भी पाकिस्तान ने हमें अस्थिर करने या भारत को कमजोर करने की कोशिश की हमारी जनता ने हमारा साथ दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
