जम्मू, 25 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के 52 अधिकारियों और कर्मियों को वीरता एवं सेवा पदक से सम्मानित किया गया है। राज्य के 17 अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक, 33 कर्मियों को वीरता पदक से सम्मानित किया गया है, जबकि उप महानिरीक्षक रैंक के दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। सेवा पदक से सम्मानित होने वालों में तीन पुलिस महानिरीक्षक मोहम्मद सुलेमान चौधरी, सुजीत कुमार और विवेक गुप्ता हैं।

सूची में पुलिस उपाधीक्षक हिम्मत सिंह, चंपा देवी शर्मा और खुशवंत सिंह, इंस्पेक्टर अनिल शर्मा, डीएसपी गुरमीत सिंह, इंस्पेक्टर रियाज़ अहमद लंगू, सहायक सब-इंस्पेक्टर शाम लाल, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, इंस्पेक्टर सरदार सिंह, नीरज कुमार कौल और मुश्ताक अहमद भट, कांस्टेबल तौहीद अहमद ठोकर और शुभ कुमार, सहायक सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह बाली शामिल हैं। पुलिस उपाधीक्षक हसीब मुगल और निशा नथ्याल को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। साथ ही जम्मू-कश्मीर पुलिस के 33 कर्मियों को कर्तव्य के दौरान वीरतापूर्ण कार्यों के लिए वीरता पदक से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार पाने वालों में पुलिस उपाधीक्षक जावेद अहमद लोन, मोहम्मद अशरिफ और मोहन लाल, इंस्पेक्टर यूनिस खान, सहायक सब-इंस्पेक्टर दविंदर कुमार, हेड कांस्टेबल शबीर अहमद नरवारू, और विभिन्न रैंकों के कई अन्य अधिकारी और कर्मी शामिल है। वीरता पुरस्कार पाने वालों में आईपीएस अधिकारी तनुश्री, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शब्बीर नवाब और बल के विभिन्न जिलों और इकाइयों के कई इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल, सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल और कांस्टेबल भी शामिल हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह
