जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के जीजीएम साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सॉफ्टबॉल जे&के चैंपियनशिप 2025–26 का बुधवार को समापन हो गया। जम्मू और कश्मीर खेल परिषद द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे जम्मू-कश्मीर से करीब 400 खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्गों में हिस्सा लिया। समापन समारोह में मंडलायुक्त जम्मू रमेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जेएन्डके स्पोर्ट्स काउंसिल के सचिव सहित जम्मू और कश्मीर सॉफ्टबॉल एसोसिएशन के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल ढांचे को मजबूत करने, बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रतियोगिता के परिणामों में सब-जूनियर और जूनियर गर्ल्स वर्ग में जम्मू ने स्वर्ण पदक जीतकर दबदबा बनाया। सीनियर गर्ल्स में पुलवामा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्रीनगर और उधमपुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
बॉयज वर्ग में सब-जूनियर और जूनियर दोनों श्रेणियों में श्रीनगर ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया जबकि सीनियर पुरुष वर्ग में जम्मू ने स्वर्ण पदक जीता। यह चैंपियनशिप नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित की गई जिसमें “ड्रग्स को ना और खेल को हां” का संदेश दिया गया। अंत में विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा
