बांकुड़ा, 04 मार्च (हि. स.)। जिले के जयपुर रेंज क्षेत्र में हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। घटना बुधवार सुबह रउतखंड, जामडिगरी और कलाबनी गांवों में हुई। मृतक की पहचान विजय कोले के रूप में हुई है। वह राउतखंड इलाके के पाथरपाड़ा गांव के निवासी थे।

मिली जानकारी के अनुसार, हाथी तड़के गांव में घुस आया और कई घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान अपने घर में ही हाथी के सामने पड़ने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की बड़ी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को निकालकर जयपुर ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सभी घायलों का वहीं उपचार चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह से ही हाथी इलाके में उत्पात मचा रहा था। उसकी चिंघाड़ से ग्रामीणों की नींद खुल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जयपुर रेंज के अधिकारी राजेश दास ने बताया कि घायलों में वन विभाग का एक कर्मचारी भी शामिल है। दलछुट हाथी को काबू में करने की कोशिश जारी है,
खबर लिखे जाने तक उसे नियंत्रित नहीं किया जा सका है। प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
