सुलतानपुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कादीपुर में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने जय श्री राम’ के नारे पर विपक्ष की बयानबाजी का जवाब देते हुए कहा कि वे दुगने उत्साह से यह नारा लगाएंगे। उन्होंने बताया कि यूपीपीसीएल चेयरमैन को फोन पर आदेश दिया था कि यहां के लापरवाह अधिकारी को तुरंत निलंबित किया जाए। यह कार्रवाई की गई और अधिकारी को हटा दिया गया।

श्री शर्मा शनिवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जिले मे पहुंचे।
उन्होंने उन लोगों को भी जवाब दिया जिन्होंने कटाक्ष किया था कि केवल ‘जय श्री राम’ बोलने से कोई काम नहीं होता।
इसके बाद उन्होंने क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत, सुरापुर और करौंदी कला दोनों ही उपकेंद्रों की क्षमता 10 एमवीए से बढ़ाकर 15 एमवीए कर दी गई है।
बताया कि सुरापुर उपकेंद्र से दो नए फीडर निकालने का काम जारी है, जिसे 31 मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह, करौंदी कला उपकेंद्र से भी एक 11 केवीए का नया फीडर निकाला जा रहा है, जिसका काम इसी महीने पूरा होने की उम्मीद है।
श्री शर्मा ने कहा कि ‘जय श्री राम’ और ‘हर-हर महादेव’ कहने से व्यक्ति में काम करने की बुद्धि और शक्ति और बढ़ जाती है।
यह जानकारी उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंग एवं कैलाश मानसरोवर दर्शनोपरांत महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम में सहभागिता के दौरान दी। इस अवसर पर डॉ. इंदुशेखर उपाध्याय, नरेंद्र पांडे, मुन्ना मिश्रा, योगेंद्र प्रताप सिंह (जिला सहकारी समिति सुल्तानपुर के चेयरमैन), सुशील त्रिपाठी (भाजपा जिलाध्यक्ष सुल्तानपुर), सदर विधायक राजबाबू उपाध्याय, आशुतोष सिंह मोहित, सुरेंद्र प्रताप सिंह, विशुद्धानंद उपाध्याय, सीता शरण त्रिपाठी, दरगाही निषाद और पवन पांडे (आयोजक) सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
