खूंटी, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित गौवंशीय पशु वध और मांस की अवैध खरीद-बिक्री के मामले का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपिताें की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को ग्राम बड़का रेगरे के बगीचा टोली स्थित सरना दोन के समीप झाड़ीनुमा जंगल क्षेत्र में छापेमारी की गई। यहां दो अलग-अलग स्थानों पर कुछ लोग प्रतिबंधित गौवंशीय पशु का क्रूरतापूर्वक वध कर मांस की खरीद-बिक्री करते पाए गए।
मौके से पुलिस ने सोमरा उर्फ इमिल आईंद (55 ) और निरल आईंद (56 ), दोनों निवासी बड़का रेगरे, थाना जरियागढ़, जिला खूंटी को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में बसंत आईंद उर्फ कच्चा, उम्बलेन आईंद सहित 15-20 अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
इस संबंध में जरियागढ़ थाना में (कांड संख्या 08/26) के तहत विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 1 क्विंटल 80 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, काटने के औजार, तराजू, बटखरे, लकड़ी के बोटे सहित कई उपकरण जब्त किए। इसके अलावा पांच मोटरसाइकिल और दाे साइकिल भी बरामद की गई हैं, जिनका उपयोग मांस के परिवहन में किया जा रहा था।
तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान में जरियागढ़ थाना प्रभारी बिरेंद्र कुमार, एसआई शंकर दयाल मेहता, एसआई आनंद कुमार पंडित, एएसआई तारकेश्वर साह गोंड, एएसआई सुरेंद्र उरांव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
