औरैया, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में समाजसेवी संगठन ‘एक विचित्र पहल’ सेवा समिति द्वारा एक जरूरतमंद बेटी के विवाह में सराहनीय पहल की। इस क्रम में मोहल्ला दयालपुर, बड़ी माता मंदिर के समीप रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के दर्शन सिंह की पुत्री अंजली का विवाह 11 मार्च को अछल्दा क्षेत्र के उम्मेद का नगला निवासी अनुज के साथ संपन्न होना है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अंजली की मां उमा देवी ने समिति से मदद की गुहार लगाई थी।

समिति के सदस्यों ने अंजली के घर पहुंचकर उसका तिलक, माल्यार्पण और पुष्प वर्षा कर सम्मान किया। इस दौरान “सखी ग्रुप” की अध्यक्ष लक्ष्मी बिश्नोई व अन्य सदस्यों की उपस्थिति में अंजली को 20 किलो गेहूं का आटा, साड़ियां, सूट, स्टील के बर्तन, कंबल, बेडशीट, बाल्टी, परात, कुकर, नाश्ता किट, मिक्सी, सीलिंग फैन, चाय कप सेट, दीवार घड़ी, टिफिन, श्रृंगार सामग्री सहित अन्य गृह उपयोगी सामान और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि समिति और जनसहयोग से अब तक शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों की 69 जरूरतमंद बेटियों के विवाह में मदद की जा चुकी है और अंजली का विवाह संस्था द्वारा सहयोग की 70वीं पहल है।
संस्था के संस्थापक “औरैया रत्न” आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि सर्व समाज की जरूरतमंद बेटियों की सहायता का यह कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
इस अवसर पर समाजसेविका मंजू गुप्ता, राखी गुप्ता, एकता गुप्ता, बबिता गुप्ता, संजय अग्रवाल, मनोज पुरवार, विनोद पोरवाल, हिमांशु दुबे, सतीश, पिंटू, संध्या देवी सहित मोहल्ले के कई लोग मौजूद रहे। संस्था द्वारा की गई इस पहल से परिवार के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक कार्य की सराहना की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
