कठुआ, 08 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में जसरोटा से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने चेंज ऑफ लैंड यूज और गैर मुमकिन खड्ड भूमि के सीमांकन में कथित भ्रष्टाचार को लेकर जोरदार मुद्दा उठाया।

विधायक राजीव जसरोटिया ने आरोप लगाया कि सीएलयू की प्रक्रिया का दुरुपयोग कर केवल अमीरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि गरीब लोगों को 18 विभागों से एनओसी लेने के लिए मजबूर किया जाता है। उन्होंने सीएलयू प्रक्रिया में गरीबों को छूट देने की मांग की। जसरोटिया ने कठुआ जिले के मकसूदपुर क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि 500 से 700 कनाल भूमि का औद्योगिक उपयोग के लिए लैंड यूज बदला गया, जहां जमीन 3 लाख रुपये प्रति कनाल में खरीदकर सीएलयू के बाद 12 लाख रुपये प्रति कनाल में बेची गई। उन्होंने एक वरिष्ठ अधिकारी की संलिप्तता का भी आरोप लगाया। वहीं विधायक ने सीएलयू की आड़ में हो रहे कथित घोटालों को “स्कैंडल” करार देते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
