कठुआ, 11 मार्च (हि.स.)। जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने कठुआ के कीढ़ियां गंडियाल ब्लॉक के पंचायत सोव्ला और त्रिडवां में कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 16 नई लेन ड्रेनों के निर्माण, आंतरिक गलियों के हार्ड-फेसिंग कार्य तथा बिजली आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए नए ट्रांसफार्मर को शुरू किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों ने सोवला क्षेत्र में कम पानी के दबाव, वर्ष 2022 की बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे और कमजोर पुलियों की समस्याएं उठाईं। इस मौके पर आरडीडी, फ्लड कंट्रोल, पीडब्लूडी, पीएचई, पीएमजीएसवाई और पीडीडी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पीएचई विभाग बंद पड़े स्टैंडपोस्ट को जल्द बहाल करेगा और पानी की क्लोरीनेशन जांच करेगा, जबकि पीडीडी विभाग लोड बैलेंसिंग और बिजली ट्रिपिंग की जांच करेगा। वहीं फ्लड कंट्रोल विभाग कमजोर तटबंधों का संयुक्त सर्वे करेगा।
विधायक जसरोटिया ने कहा कि विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को रसोई बागवानी और सिलाई इकाइयों के लिए सहयोग देने की भी घोषणा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों के साथ हर पखवाड़े समीक्षा बैठक की जाएगी। इस दौरान कई स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
