जांजगीर-चांपा 07 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के लिए आर्थिक सहारा बनने के साथ-साथ उनके जीवन में भरोसे और आत्मविश्वास की नई कहानी लिख रही है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरा निवासी प्रतिभा राठौर के लिए यह योजना उस समय संबल बनी, जब उन्हें अपने बच्चे के इलाज के लिए पैसों की आवश्यकता थी।

श्रीमती प्रतिभा राठौर बताती हैं कि उनके परिवार में पति और दो बच्चे हैं। पहले परिवार की सीमित आय के कारण घर की जरूरतों को पूरा करना भी कठिन हो जाता था। ऐसे में जब उनके बच्चे की तबीयत अचानक खराब हुई, तो इलाज के खर्च की चिंता उन्हें लगातार परेशान कर रही थी। इसी बीच महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें प्रतिमाह मिलने वाली 1000 रुपये की राशि ने उनके लिए राहत का रास्ता खोल दिया। प्रतिभा ने इस राशि को धीरे-धीरे बचाकर रखा था। करीब 8 से 10 महीनों में जमा की गई राशि को निकालकर अपने बच्चे के इलाज में खर्च किया। समय पर इलाज मिलने से उनका बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है, जिससे पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
श्रीमती प्रतिभा कहती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से वे घर की सामान्य जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा कर पा रही हैं। आज श्रीमती प्रतिभा राठौर के चेहरे पर आत्मविश्वास और संतोष की झलक साफ दिखाई देती है। वे कहती हैं कि “महतारी वंदन योजना ने मेरे मुश्किल समय में बहुत सहारा दिया। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति अभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
