जांजगीर-चांपा, 13 मार्च (हि. स.)। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा देशभर के युवाओं को ग्रामीण विकास और आजीविका से जोड़ने के उद्देश्य से माय भारत पोर्टल के साथ मिलकर राष्ट्रव्यापी “विकसित भारत जी राम जी युवा डिजिटल अभियान” की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत युवाओं के लिए वीडियो चैलेंज, क्विज और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में सभी जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया गया है कि जनपद और ग्राम पंचायत स्तर पर इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें भाग ले सकें।
अभियान के अंतर्गत “माय विलेज चैलेंज” नाम से राष्ट्रीय स्तर पर शॉर्ट वीडियो या रील प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वीडियो की अधिकतम साइज 25 एमबी निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
इसी तरह माय भारत पोर्टल पर विकसित भारत जी राम जी अधिनियम से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को निर्धारित समय में 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को ऑनलाइन प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा माय जीओव्ही पोर्टल पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट 2025 के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ऐसा लोगो चुनना है जो समावेशी विकास, रोजगार सृजन और ग्रामीण प्रगति के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर सके।
प्रतियोगिता के माध्यम से देश के नागरिकों को रचनात्मक और नवाचारपूर्ण डिजाइन प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को आधिकारिक लोगो के रूप में अपनाया जाएगा और भविष्य में प्रचार-प्रसार तथा अन्य गतिविधियों में उपयोग किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ लोगो डिजाइन करने वाले विजेता को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 50 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
—————
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT
