चंडीगढ़, 06 फरवरी (हि.स.)। पंजाब के जालंधर में शुक्रवार सुबह एक्टिवा सवार दो नकाबपोश युवकों ने आम आदमी पार्टी नेता लक्की ओबराय की गोली मारकर हत्या कर दी। लक्की गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर बाहर निकले थे।

परिवार के सदस्य उन्हें मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एडीसीपी जयंत परी व अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके को सील करके सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार लक्की शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए आए हुए थे। इस दौरान गुरुद्वारा के बाहर उन पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इससे उनकी गाड़ी थार के शीशे कनाचूर हो गए।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारा से निकलकर अपनी थार में बैठने लगे तो एक युवक ने आकर गोलियां चला दीं। दो युवक एक्टिवा पर आए थे और वह दोनों भाग गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
