गुवाहाटी, 30 मार्च (हि.स.)। आसन्न विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र में पोस्टल मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, इसकी जानकारी प्रशासनिक सूत्रों ने दी है।

विशेष रूप से वे मतदाता जो मतदान के दिन शारीरिक अस्वस्थता, वृद्धावस्था या अन्य कारणों से मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर वोट देने में असमर्थ हैं, उनके लिए इस पोस्टल बैलेट व्यवस्था को लागू किया गया है। निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त अधिकारी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए घर-घर जाकर इन मतदाताओं से पोस्टल बैलेट के माध्यम से वोट एकत्र कर रहे हैं। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी नागरिक अपने मताधिकार के प्रयोग से वंचित न रह जाए।
5 नंबर वार्ड के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) सत्यनारायण गोस्वामी ने बताया कि 37 नंबर जालुकबाड़ी निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत 113 नंबर पोलिंग स्टेशन में सोमवार को सफलतापूर्वक पोस्टल मतदान संपन्न हुआ। इस दिन रेवा रानी धर और सुधीर कुमार घोष ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव कर्मियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। प्रत्येक चरण में निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन करते हुए मतदान कराया जा रहा है, ताकि मतदान की गोपनीयता और सुरक्षा बनी रहे।
प्रशासन की ओर से आशा जताई जा रही है कि इस पोस्टल मतदान व्यवस्था के माध्यम से अधिक संख्या में मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर सकेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर
