गांधीनगर, 13 फ़रवरी (हि.स.)। भारत, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव में जिम्बाब्वे की राजदूत स्टेला नकोमो तथा जिम्बाब्वे के उद्योग एवं वाणिज्य उप मंत्री राजेन्द्र कुमार मोदी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने शुक्रवार को गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से शिष्टाचार मुलाकात की।

यह शिष्टमंडल अहमदाबाद में 11 से 15 फरवरी के बीच आयोजित सौराष्ट्र व्यापार उद्योग मंडल के 12वें ट्रेड शो में भाग लेने के लिए गुजरात आया है। बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच जिम्बाब्वे के लघु और मध्यम उद्यम क्षेत्र को गुजरात के एमएसएमई सेक्टर की विशेषज्ञता और कौशल का लाभ पहुंचाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

जिम्बाब्वे की राजदूत और उप मंत्री ने कहा कि गुजरात मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों के साथ-साथ एमएसएमई सेक्टर में भी अग्रणी राज्य है, जिससे जिम्बाब्वे सहयोग के माध्यम से लाभ उठाना चाहता है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी गुजरात के एमएसएमई क्षेत्र की क्षमता, कौशल विकास और प्रशिक्षण के अनुभव को साझा करते हुए जिम्बाब्वे के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के बीच साझेदारी से उद्योगों के विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
शिष्टमंडल ने उद्योग और व्यापार के अलावा शिक्षा क्षेत्र में भी गुजरात के साथ संबंध मजबूत करने में रुचि दिखाई। इस दौरान यह भी बताया गया कि जिम्बाब्वे के पुलिस और सुरक्षा अधिकारी गांधीनगर स्थित नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी ( एनएफसीयू) में सुरक्षा और साइबर क्राइम से जुड़े उन्नत पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जिम्बाब्वे को आगामी वाइब्रेंट समिट-2027 और वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का आमंत्रण दिया। वहीं जिम्बाब्वे के शिष्टमंडल ने मार्च 2026 में आयोजित होने वाली एसएमई प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए गुजरात के उद्योगकारों और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया।
बैठक में उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, उद्योग आयुक्त पी. स्वरूप तथा मुख्यमंत्री के अपर प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे भी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
