देवरिया, 21 फरवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 22 फरवरी (रविवार) को यूपी के देवरिया जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी तथा 31 जनवरी को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में 22 फरवरी को चौथा विशेष अभियान दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

विशेष अभियान दिवस पर प्रत्येक मतदेय स्थल पर पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उनके पास छह जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6 (नया नाम जोड़ने हेतु), 6ए (विदेश में निवासरत भारतीय मतदाताओं हेतु), 7 (नाम विलोपन हेतु) एवं 8 (संशोधन हेतु) उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी, जहां मतदाताओं को फॉर्म भरने एवं प्रक्रिया संबंधी जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान की निगरानी के लिए सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन संबंधी अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) से भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी व सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे 22 फरवरी को अपने-अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का नाम छह जनवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में अंकित नहीं है अथवा जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे प्रपत्र-6 भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त ECINET मोबाइल एप तथा voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता, आयु या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है तो उसके संशोधन के लिए प्रपत्र-8 भरा जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। अतः सभी नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और विशेष अभियान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
