बलिया, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में आशा बहू ने कमीशन के लालच में गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय निजी अस्पताल में ऑपरेशन करा दिया। पीड़िता के पिता ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के सामने यह आरोप लगाया तो उन्होंने फौरन जांच करायी। जांच सही पाए जाने पर उन्होंने आशा बहू की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

हल्दी क्षेत्र के रेपुरा निवासी मदन यादव ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से शिकायत करते हुए कहा कि उनकी गर्भवती पुत्री कृति को गांव की आशा बहू बिंदु देवी पत्नी मोतीलाल गुप्ता पांच मार्च को हल्दी चट्टी स्थित सत्यम डायग्नोसिस सेंटर पर अल्ट्रासाउंड और खून की जांच कराने ले गई थी। जांच के बाद आशा बहू ने बताया कि बच्चा उल्टा है और गंदा पानी पी लिया है, इसलिए उसे बलिया अस्पताल दिखाना पड़ेगा। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी इंदू देवी ने सरकारी एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल जाने की बात कहा, लेकिन आशा बहू ने जल्दबाजी का हवाला देते हुए निजी वाहन से शहर चलने को कहा। आरोप है कि वह गर्भवती महिला को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय अस्पताल रोड स्थित खुशी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया। जहां पांच हजार रुपये जमा कराकर ऑपरेशन से बच्चे का जन्म कराया गया।
मदन यादव ने जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह काे बताया कि जब आशा बहू से सरकारी अस्पताल न ले जाने का कारण पूछा तो उसने अस्पताल में छुट्टी का बहाना बनाया। प्रसूता के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि खुशी हॉस्पिटल द्वारा अब इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये और मांगे जा रहे हैं । मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आशा बहू बिंदु देवी को तत्काल बुलाकर पूछताछ की। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य चिकित्साधिकारी से कराई गई जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आशा बहू बिंदु देवी की सेवा समाप्त करने के निर्देश सीएमओ को दिए। साथ ही सत्यम अल्ट्रासाउंड सेंटर की भी जांच कराने और रजिस्ट्रेशन न पाए जाने पर उसे सील करने के निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निजी अस्पताल खुशी हॉस्पिटल की भी जांच कर मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर सील करने करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गरीब मरीजों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
