फिरोजाबाद, 10 फ़रवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने मंगलवार को अपर जिलाधिकारी विशु राजा एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी के साथ सदर तहसील का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यों में अत्यधिक शीथिलता और लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए पेशकार को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी रमेश रंजन निरीक्षण के लिए सबसे पहले उप जिलाधिकारी कोर्ट पहुंचे। यहां पर उन्होंने मुकदमों के वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए धारा-24 के अंतर्गत मुकदमों की सही पैरवी न करने और विशेष रूप से अमर सिंह बनाम करण सिंह मामले में रिपोर्ट सही ढंग से प्रस्तुत न करने पर पेशकार को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए।

तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण के दौरान लंबित वादों की संख्या अत्यधिक पाए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने तहसीलदार और उनके पेशकार को चार्जशीट देने के निर्देश देते हुए कार्य प्रणाली में सुधार की चेतावनी दी। यह भी निर्देश दिए कि लंबित बैनामों की सूची तैयार कर तत्काल पेंडेंसी निकालने और केस दर्ज करने के बाद नोटिस जारी किए जाए। तहसील के खतौनी कक्ष में लगी पेटीएम मशीन खराब मिलने पर कड़ी आपत्ति जताई और तहसीलदार को निर्देशित किया कि इसे तत्काल ठीक कराए।
जिलाधिकारी ने ऑफलाइन मुकदमों के दर्ज होने पर सख्त रूप अपनाते हुए कहा कि जिन पटलों पर ऑफलाइन केस सर्वाधिक है, उनकी सूची तत्काल प्रस्तुत की जाए, उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे पटल सहायकों और उत्तरदाई अधिकारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध चार्जशीट जारी की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता के वादों के निस्तारण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही बरतेगा उसके विरुद्ध कठोरतम अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगीं।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
