नैनीताल, 08 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी बोर्ड परीक्षाओं के अवसर पर नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के समस्त परीक्षार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने परीक्षार्थियों तथा उनके परिजनों से परीक्षा अवधि के दौरान संयम, धैर्य और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव अवश्य है, लेकिन इसे भय, तनाव या अत्यधिक दबाव का कारण नहीं बनने देना चाहिए। परीक्षा विद्यार्थियों के ज्ञान और अभ्यास का मूल्यांकन करती है, न कि उनके व्यक्तित्व, प्रतिभा या भविष्य का अंतिम निर्धारण। जिलाधिकारी ने कहा कि अंक जीवन के किसी एक चरण को दर्शाते हैं, लेकिन जीवन की दिशा तय नहीं करते। संयम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच ही दीर्घकालीन सफलता की आधारशिला होती है। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपनी दिनचर्या को संतुलित और नियमित रखने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी के अनुसार पर्याप्त विश्राम, समयबद्ध अध्ययन और स्वस्थ मानसिक स्थिति के साथ परीक्षा देने से ही विद्यार्थी अपनी वास्तविक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अत्यधिक अंक प्राप्त करने की चिंता कई बार स्वाभाविक ज्ञान और आत्मविश्वास को प्रभावित कर देती है।
उन्होंने विद्यार्थियों के परिजनों से अपील करते हुए कहा कि वे बच्चों पर अनावश्यक अपेक्षाओं का दबाव न डालें। इस समय विद्यार्थियों को भय या तनाव नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग और सकारात्मक वातावरण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता अलग होती है और सफलता के मार्ग भी भिन्न हो सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी
