मीरजापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तशर प्रदेश शासन के मंशानुरूप जनपद मीरजापुर की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील मड़िहान में जिलाधिकारी के समक्ष कुल 85 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से मौके पर ही सात का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को भेजते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने राजस्व व पुलिस की तीन संयुक्त टीमें गठित कर मामलों के मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निस्तारण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने चेताया कि निस्तारण की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस व जन शिकायतों के निस्तारण में भी गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया।
अन्य तहसीलों में चुनार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजय कुमार सिंह के समक्ष 82 में से दो, लालगंज में अपर जिलाधिकारी भूमि एवं राजस्व देवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष 76 में से पांच तथा सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता के समक्ष 113 में से 15 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया।
तहसील मड़िहान में उप जिलाधिकारी अनेग सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए धरमजीत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सीएल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
